उत्तराखंड

राज्य में हर वर्ष श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ रही: धामी 

सरकार का लक्ष्य है कि धार्मिक पर्यटन को और अधिक मजबूत किया जाए। जिससे उत्तराखंड की पहचान वैश्विक स्तर पर सशक्त हो सके।

हनुमान जयंती पर रामनगर पहुंचे सीएम, मंदिरों में की पूजा-अर्चना

करीब एक लाख साठ हजार श्रद्धालु शीतकालीन यात्रा के दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन कर चुके

रामनगर। सीएम धामी के रामनगर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। शहर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हनुमान जयंती के अवसर पर रामनगर स्थित बालाजी मंदिर और हनुमान धाम छोई पहुंचकर पूजा-अर्चना की। साथ ही उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री रामनगर की अग्रवाल सभा में आयोजित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की भूमिका और जनसेवा के महत्व पर संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है। राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों—केदारखंड और मानसखंड सहित—के सौंदर्यीकरण तथा आधारभूत संरचना विकास के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा इन प्रयासों का ही परिणाम है कि राज्य में हर वर्ष श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि शीतकालीन यात्रा भी लगातार चल रही है। 19 तारीख तक चारधाम कपाट खुलने तक यह जारी रहेगी। अब तक करीब एक लाख साठ हजार श्रद्धालु शीतकालीन यात्रा के दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि शीतकाल में भी बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं, जो राज्य में धार्मिक पर्यटन के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है। सरकार का लक्ष्य है कि धार्मिक पर्यटन को और अधिक मजबूत किया जाए। जिससे उत्तराखंड की पहचान वैश्विक स्तर पर सशक्त हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा आगामी कुंभ केवल उत्तराखंड का नहीं बल्कि पूरे देश की आस्था का विषय है, इसलिए इसकी तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सेवा, सुशासन और केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
यूथ कांग्रेस ने किया सीएम धामी के दौरे का विरोध, उड़ाये काले गुब्बारे
रामनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन से पहले यूथ कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुमित लोहनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अनोखे अंदाज में काले गुब्बारे लेकर विरोध दर्ज करवाया।
सीएम धामी के दौरे के विरोध के लिए यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता लखनपुर चुंगी क्षेत्र में एकत्र हुए। उन्होंने सीएम के विरोध में नारेबाजी शुरू की। जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी देखने को मिली। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को वहीं रोक लिया। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं के हाथों में मौजूद काले गुब्बारों को पुलिस ने फोड़ दिया। कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर दूसरे क्षेत्र में ले जाया गया। इस कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामे का माहौल बना रहा।
यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुमित लोहनी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश का युवा आज बेरोजगारी की मार झेल रहा है। महंगाई चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। इसके बावजूद सरकार को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार भी लगातार बढ़ रहा है। आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा यूथ कांग्रेस लगातार जनता की आवाज उठाती रहेगी। सरकार के खिलाफ अपना विरोध जारी रखेगी।
मामले में पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई है। किसी को भी शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम के बाद रामनगर में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button