उत्तराखंडदेहरादून

दून में कुख्यात सुनील राठी गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार

गिरफ्तार बदमाशों में एक रह चुका मुख्तार अंसारी व संजीव जीवा गैंग का शूटर

दून में कुख्यात सुनील राठी गैंग के दो बदमाश गिरफ्तार
गिरफ्तार बदमाशों में एक रह चुका मुख्तार अंसारी व संजीव जीवा गैंग का शूटर
देहरादून। कुख्यात सुनील राठी गैंग के दो सक्रिय बदमाश गिरफ्तार हुए हैं। एसटीएफ और देहरादून पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों को राजपुर थाना क्षेत्र से दबोचा है। आरोपियों के पास से 2 अवैध पिस्टल और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इससे आशंका है कि गिरफ्तार आरोपी देहरादून में किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते थे। एक आरोपी मुख्तार अंसारी और संजीव जीवा गैंग का शूटर रहा है। इनसे देहरादून और हरिद्वार की कई विवादित भूमियों में हस्तक्षेप कर गैंगस्टर सुनील राठी की ओर से कराई जा रही थी।
बता दें कि उत्तराखंड एसटीएफ यानी स्पेशल टास्क फोर्स की ओर से सक्रिय गैंग और जेलों में निरुद्ध कुख्यात अपराधियों की लगातार निगरानी कर उन पर बारीकी से नजर रखी जाती है। बीती 26 फरवरी को एसटीएफ टीम ने देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत से कुख्यात सुनील राठी गैंग के 2 बदमाश भानु और पारस को 2 अवैध पिस्टल और 7 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी पारस पहले मुख्तार अंसाारी और संजीव जीवा गैंग का प्रमुख शूटर रहा है। उनकी मौत के बाद वो सुनील राठी गैंग में शामिल हो गया। पारस, सुनील राठी के इशारे पर हरिद्वार और देहरादून की बेशकीमती विवादित जमीनों में हस्तक्षेप कर सुनील राठी के लिए धन उगाई का काम कर रहा था।
आरोपी पारस से बरामद मोबाइल फोन खंगालने पर उसके लगातार पौड़ी जेल में बंद सुनील राठी से संपर्क होने की जानकारी भी मिली है। पारस गिरफ्तार अन्य बदमाश भानु के साथ सुनील राठी से मिलने पौड़ी भी जेल जाता रहता था। पूछताछ में हरिद्वार के एक विवादित प्रॉपर्टी डीलर जो पहले हत्या के मामले में जेल गया है, उसका नाम भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार ये प्रॉपर्टी डीलर भी लगातार सुनील राठी के संपर्क में था। ये लोग देहरादून और हरिद्वार के कुछ व्यापारियों को लगातार परेशान कर रहे थे, लेकिन सुनील राठी के डर से कोई पीड़ित सामने नहीं आया। फिलहाल, इस प्रकरण में कहां-कहां घटना के तार जुड़े हैं? इसके संबंध में पुलिस की ओर से जानकारी जुटाई जा रही है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने कहा कि एसटीएफ की टीम ने बीती देर रात भानु चौधरी निवासी सहारनपुर और पारस निवासी मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया गया है। जिनके पास से 2 अवैध पिस्टल और 7 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। दोनों के खिलाफ राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कुख्यात गैंगस्टर और अंतरराज्यीय माफिया है सुनील राठी 
बता दें कि सुनील राठी पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड क्षेत्र का एक कुख्यात गैंगस्टर और अंतरराज्यीय माफिया है, जो अभी पौड़ी जेल में बंद है। सुनील राठी मूल रूप से बागपत का रहने वाला है, जिसने अपने पिता नरेश राठी की हत्या के बाद बदला लेने के लिए क्राइम की दुनिया में कदम रखा।
पहले वो पढ़ाई के लिए कॉलेज जाता था, लेकिन पिता की मौत के बाद उसने एक गैंग बनाया। जिसके तहत वो पश्चिमी यूपी में सबसे खतरनाक गैंगस्टरों में से एक बन गया। सुनील राठी पर खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, अवैध हथियार, गैंगवार आदि के कई केस दर्ज हैं। जिसे यूपी सरकार ने अंतरराज्यीय माफिया घोषित किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button