
खाई में गिरने से व्यक्ति की मौत
देहरादून। देर रात थाना राजपुर क्षेत्र के अंतर्गत सहस्त्रधारा टूरिस्ट प्लेस के पास एक व्यक्ति लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहंुची पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया किन्तु तब तक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे है।
मिली जानकारी के मुताबिक, थाना राजपुर को सूचना मिली कि आईटी पार्क क्षेत्रांतर्गत सहस्त्रधारा टूरिस्ट प्लेस के पास एक व्यक्ति लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलने के बाद थाना राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची तो घटना की गंभीरता को देखते हुए सूचना प्राप्त होते ही पोस्ट सहस्त्रधारा से एसडीआरएफ टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। एसडीआरएफ टीम के कठिन प्रयासों के बाद टीम ने खाई में गिरे व्यक्ति तक पहुंच बनाते हुए उसे बाहर निकाला। लेकिन व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई थी।
थाना राजपुर प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम ने व्यक्ति के शव को सावधानीपूर्वक खाई से बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मृतक की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
गंगा में डूबने से दो दोस्तों की मौत
हरिद्वार। रविवार की सुबह कोतवाली नगर क्षेत्र के दूधिया बंध में गंगा स्नान के दौरान दो युवक गंगा में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।करीब सवा घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों युवकों के शव गंगा से बरामद कर लिए गए। इसके बाद शवों को जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गयी। इस मामले में पुलिस ने बताया कि दोनों मृतक आपस में दोस्त थे और गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे। मृतकों की पहचान बृजेश कुमार त्रिपाठी (43) पुत्र राजनाथ त्रिपाठी निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद और सचिन त्यागी (39) पुत्र जगजीत सिंह त्यागी निवासी राजनगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मृतकों के शवों को आगे की कार्यवाही के लिए पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।



