
पूर्व पार्षद समर्थकों समेत कांग्रेस में शामिल, गणेश गोदियाल ने किया स्वागत
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजपुर रोड, देहरादून में रविवार को रायपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या -65 के पूर्व पार्षद नरेश रावत ने अपने समर्थकों और सहयोगियों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री महेंद्र सिंह ‘नेगी गुरुजी’ के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने नरेश रावत और उनके साथियों का माल्यार्पण कर तथा पार्टी का पटका पहनाकर कांग्रेस परिवार में स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस की नीतियों और राहुल गांधी के संघर्ष से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता के मुद्दों को मजबूती से उठा रही है, जिसके चलते लोगों का विश्वास पार्टी के प्रति बढ़ रहा है।
गोदियाल ने नरेश रावत और उनके सहयोगियों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि वे कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी से जुड़े नए कार्यकर्ता सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य करेंगे और जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस के संघर्ष को और अधिक प्रभावी बनाएंगे। कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वालों में पूर्व पार्षद नरेश रावत के साथ सूरज रावत, नत्थी लाल डोरियल, नवीन पहाड़ी और जवाहर प्रसाद सहित कई कार्यकर्ता शामिल रहे। पार्टी नेताओं ने इसे रायपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक मजबूती के रूप में देखा।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव महेन्द्र सिंह नेगी गुरू जी ने कहा कि आने वाले समय में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान को और तेज किया जाएगा तथा प्रदेश में जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस की आवाज को और प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्ण सिंह रावत, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ नेता रघुवीर सिंह बिष्ट, सुरेंद्र रांगड़, अश्वनी बहुगुणा सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


