उत्तराखंड

देर रात वोल्वो बस में लगी भीषण आग, सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला

रात करीब 12 बजे बहादराबाद क्षेत्र के बढेड़ी राजपूताना गांव के पास हाईवे पर चलती वोल्वो बस में अचानक आग लग गई।

हरिद्वार। देर रात बहादराबाद थाना क्षेत्र में हाईवे पर यात्रियों को लेकर जा रही एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस उसकी चपेट में आ गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहंुची  पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने  तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस अग्निकांड में किसी जनहानि की कोई सूचना नही है,किन्तु बस के पीछे रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि बस में दो विदेशी नागरिकों सहित कुल 32 लोग सवार थे।
मिली जानकारी के अनुसार एक वोल्वो बस ऋषिकेश से राजस्थान के जयपुर जा रही थी। रात करीब 12 बजे बहादराबाद क्षेत्र के बढेड़ी राजपूताना गांव के पास हाईवे पर चलती वोल्वो बस में अचानक आग लग गई। आग लगते ही बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई और साथ ही अफरातफरी का माहौल बन गया। चालक और परिचालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोक दिया।
सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर ब्रिगेड की टीम को सूचना दी। इसी दौरान बस कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। आग बस में तेजी से फैल गई और बस में पीछे की तरफ रखा यात्रियों का सामान आग की चपेट में आ गया और अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
पुलिस कर्मियों और फायर ब्रिगेड के जवानों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। इस दौरान हाईवे पर दोनों तरफ जाम की स्थिति बन गई। आग बुझाने के बाद बस को साइड में लगाकर यातायात सुचारू कराया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button